भोपाल। प्रेम प्रसंग में युवती के परिजनों द्वारा शादी से इनकार किए जाने से आहत 22 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शाहपुरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मूलतः सागर निवासी अखिलेश अहिरवार पिता राजाराम अहिरवार (22) वर्तमान में शाहपुरा स्थित शैतान सिंह चौराहे के पास अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ रहता था। वह प्लंबिंग ठेकेदारी का काम करता था। परिजनों ने बताया कि अखिलेश का इंदौर की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों शादी करना चाहते थे। अखिलेश का परिवार इस रिश्ते के लिए सहमत था, लेकिन युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे।
इसी बात को लेकर अखिलेश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने शनिवार देर रात जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल मयूर हॉस्पिटल ले गए, जहां सोमवार सुबह करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



