भोपाल/नागपुर। अखबार और विज्ञापन के नाम पर देश के 8 राज्यों के सरपंचों व पंचायत सचिवों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का नागपुर ग्रामीण क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह की सरगना मोनिका सूर्यवंशी के बैंक खातों में पिछले 3 साल के दौरान करीब 4 करोड़ रुपए का लेनदेन सामने आया है।
क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को भोपाल के हर्षवर्धन नगर, निशातपुरा और एमपी नगर जोन-1 स्थित तीन फर्जी कॉल सेंटरों पर छापा मारकर 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 21 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है।
धमकी देकर वसूलते थे रकम जांच में सामने आया कि नरसिंहगढ़ निवासी मोनिका अपनी बहन नेहा के साथ मिलकर ये कॉल सेंटर चला रही थी। यहां काम करने वाली 35 युवतियां 8 राज्यों के करीब 25 हजार सरपंचों व सचिवों को फोन करती थीं। अखबार में विज्ञापन देने के नाम पर उनसे पैसे मांगे जाते थे और इनकार करने पर पंचायत में भ्रष्टाचार की खबर छापने की धमकी देकर वसूली की जाती थी।
618 रजिस्टर व 54 मोबाइल जब्त पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से 54 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक प्रिंटर और सरपंचों-सचिवों के नंबरों वाले 618 रजिस्टर जब्त किए हैं। मूल रूप से किसान परिवार की मोनिका 5 साल पहले भोपाल आई थी। मीडिया में नौकरी करने के बाद उसने ‘श्रेष्ठ न्यूज’ नाम से अखबार शुरू किया और फिर वसूली का यह नेटवर्क खड़ा कर लिया। पुलिस अब बैंक खातों और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है।




