भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र के आनंद नगर स्थित गुप्ता कॉलोनी में गुरुवार तड़के 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक लंबे समय से टीबी की बीमारी से जूझ रहा था और काम पर भी नहीं जा पा रहा था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गुप्ता कॉलोनी निवासी राजेश ठाकुर पिता घिसालाल ठाकुर (45) के रूप में हुई है। राजेश जयपुर में ड्राइवरी का काम करता था, लेकिन बीमारी के कारण इन दिनों घर पर ही रह रहा था।
परिजनों ने बताया कि बुधवार रात राजेश ने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे जब परिजन कमरे में गए, तो उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने बीमारी से तंग आकर यह कदम उठाने की आशंका जताई है। फिलहाल पिपलानी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



