भोपाल। निशातपुरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1075 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा एक आयशर ट्रक पकड़ा है। जब्त की गई करीब 9700 लीटर शराब की कीमत 96 लाख रुपए और ट्रक की कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीछा कर पीपुल्स मॉल के पास पकड़ा पुलिस को 18 नवंबर की रात सूचना मिली थी कि एक तेज रफ्तार ट्रक गांधीनगर से करोंद की ओर आ रहा है। करोंद चौराहे पर पुलिस ने ट्रक को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन भगा ले गया। भागने के चक्कर में चालक ने आधार अस्पताल के पास एक कार को टक्कर भी मार दी। पुलिस टीम ने पीछा कर पीपुल्स मॉल के पास घेराबंदी कर ट्रक (MP04YJ9902) को धर दबोचा।
रायसेन की फैक्ट्री का बैच, चालक गिरफ्तार तलाशी लेने पर ट्रक में ‘ब्लैक फोर्ट प्रीमियम रम’ की 1075 पेटियां मिलीं, जिन पर रायसेन जिले के रोजराचक स्थित सोम डिस्टिलरीज का नाम अंकित है। गिरफ्तार चालक की पहचान मंडीदीप निवासी राम किशन बमोरिया (38) के रूप में हुई है। वह शराब परिवहन से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और शराब के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है।



