पूछताछ में नौकरानी ने कबूला जुर्म, फरियादी महिला ने नहीं कराई एफआईआर
भोपाल। कोतवाली थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक महिला का चोरी हुआ मंगलसूत्र ढूंढ निकाला। मामले में घर की नौकरानी ही आरोपी निकली, जिसने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। हालांकि, फरियादी महिला ने नौकरानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पिंकी सिंघल ने अपना मंगलसूत्र चोरी होने के संबंध में कोतवाली थाने में आवेदन दिया था। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी अपाला सिंह ने एक टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पहले से ही फरियादी के घर काम करने वाली नौकरानी पर संदेह था। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली और मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया।
मंगलसूत्र मिलने के बाद फरियादी पिंकी सिंघल ने स्पष्ट कहा कि वे नौकरानी के खिलाफ कोई एफआईआर या मामला दर्ज नहीं कराना चाहती हैं। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अपाला सिंह, आरक्षक ज्योति धाकड़ और आरक्षक आरती तिवारी व्यास की मुख्य भूमिका रही।




