अशोकनगर। जिला अदालत ने पत्नी के साथ गैंगरेप और मारपीट करने के मामले में दोषी पति और उसके ममेरे भाई को 20-20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोनों दोषियों पर 26-26 हजार रुपये का कुल जुर्माना भी लगाया है।
अभियोजन के अनुसार, मामला कचनार थाना क्षेत्र का है। 22-23 अक्टूबर 2025 की रात ग्राम सावन निवासी आनंद शर्मा ने अपनी पत्नी की मर्जी के खिलाफ दुष्कर्म किया और इस घिनौने कृत्य में अपने ममेरे भाई रविशंकर तिवारी (निवासी ग्राम करैयाहाट, जिला विदिशा) को भी शामिल किया। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट भी की।
पीड़िता की शिकायत पर कचनार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्य और जब्त किए गए मोबाइल फोन के आधार पर अदालत में चालान पेश किया। गवाहों के बयान और ठोस सबूतों के आधार पर अदालत ने दोनों को दोषी करार दिया।
कोर्ट ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1) के तहत दोनों को 20-20 साल की कठोर कैद और 25-25 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया है। इसके अलावा, मारपीट की धाराओं के तहत 6-6 महीने की अतिरिक्त सजा और एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना अदा न करने पर दोषियों को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।




