विदिशा। जिला न्यायालय परिसर स्थित बंदीगृह में शुक्रवार को पेशी पर लाए गए एक बंदी ने धारदार वस्तु से अपने हाथ पर वार कर खुद को घायल कर लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। बंदी ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के करैयाखेड़ा रोड निवासी रितिक दांगी (21) पिता बृजेश दांगी को शुक्रवार को एक मामले में पेशी के लिए जिला जेल से न्यायालय लाया गया था। उसे अन्य बंदियों के साथ कोर्ट के बंदीगृह में रखा गया था। इसी दौरान उसने किसी धारदार चीज से अपने हाथ की नस काट ली।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पेशी के दौरान कैदी ने हाथ पर वार किया था, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, रितिक के दादा तखत सिंह दांगी ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि रितिक के पास धारदार वस्तु कहां से आई। उन्होंने बताया कि रितिक के खिलाफ एक गंभीर मामले में सुनवाई चल रही थी और शुक्रवार को उसमें फैसला आने की संभावना थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि बंदीगृह के भीतर धारदार वस्तु कैसे पहुंची और उसने यह कदम किस वजह से उठाया।




