भोपाल। सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र स्थित भोपाल-इंदौर बाइपास पर मंगलवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान देवबरखेड़ी (बैरसिया रोड) निवासी हरीनारायण गुर्जर (33) के रूप में हुई है।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, हरीनारायण अपनी बाइक से सोमवती अमावस्या पर नर्मदा स्नान करने के लिए होशंगाबाद (नर्मदापुरम) जा रहे थे। रास्ते में बाइपास पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरीनारायण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी चालक घटना के बाद कंटेनर लेकर फरार हो गया।
ढाई महीने पहले ही पिता बने थे मृतक
परिजनों ने बताया कि हरीनारायण के घर करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद ढाई महीने पहले ही जुड़वा बेटों का जन्म हुआ था। खुशियों से भरा परिवार इस हादसे के बाद गहरे सदमे में है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है।



