भोपाल:
राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई, जब भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल के पास 80 फीट रोड पर एक चिकन शॉप के समीप मवेशी का कटा हुआ सिर मिला। घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंडी करोंद चौकी का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
पुलिस कार्रवाई और सीसीटीवी जांच
सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेषों को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ गौवध अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान हो सके।
एक हफ्ते में दूसरी घटना
हिंदू संगठनों का आरोप है कि निशातपुरा क्षेत्र में एक हफ्ते के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। गौरतलब है कि इससे पहले 17 जुलाई 2026 को भी इसी इलाके में डेयरी की आड़ में गौवंश वध और तस्करी का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध डेयरी पर बुलडोजर चलाया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




