इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवती के साथ दोस्ती और फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने बड़वानी निवासी आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
पुलिस के अनुसार, द्वारकापुरी क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की पहचान बड़वानी के विशाल उर्फ सोनू ठाकुर से एक सगाई समारोह के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। रंगपंचमी के दिन आरोपी ने युवती को अपने दोस्त के कमरे पर खाना देने के लिए बुलाया। वहां आरोपी ने प्यार का इजहार किया और शादी का वादा कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
सच्चाई छिपाई, अब दे रहा धमकी
कुछ समय बाद आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। उसने युवती पर अपनी पत्नी को छोड़ने और उससे शादी करने का दबाव बनाया। जब युवती ने इनकार किया, तो आरोपी उसे धमकाने लगा।
थाने पहुंची पीड़िता
आरोपी की प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद बुधवार को भंवरकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी विशाल के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।




