भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित सेमरी बाजयाफ्ता गांव में रहने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए रवाना कर दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि विनोद अहिरवार पिता रामनारायण (35), सेमरी बाजयाफ्ता में रहता था और किराने के दुकान पर काम करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे है। मंगलवार सुबह पत्नी ने उसे फंदे पर लटका देखा। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए मर्चूरी भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर सुसाइड नोट नहीं मिला है। साथ ही पत्नी बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस का कहना है कि परिजन के बयान दर्ज किए जाएगे। प्राथमिक जांच में पता चला कि वह शराब पीने का आदी था।
टीटी नगर में भी युवक ने सुसाइड किया
टीटी नगर थाना क्षेत्र स्थित मद्रासी कॉलोनी में एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि रवि जाधव (37) मद्रासी कॉलोनी में रहता था। वह घरों में पुताई करने का काम करता था। पिछले पांच दिन से उसको काम नहीं मिला था।
वह शराब पीने का आदी था। उसकी शादी नहीं हुई थी। सोमवार को वह खाना खाकर सो गया था। मंगलवार की सुबह उसके भाई ने उसे फंदे पर लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है।




