भोपाल। बैरसिया के ललरिया गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। घर के पास सड़क पर बैठी 3 साल की मासूम बच्ची जूना खान को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। बच्ची वाहन के नीचे फंसकर करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।

क्या है पूरा मामला?
परिजनों के अनुसार, मृतका जूना खान सरकारी शिक्षक दंपती सोहेल खान की बेटी थी। दोपहर में बच्ची घर के पास दुकान से लौट रही थी। अपनी पसंद का सामान न मिलने पर वह नाराज होकर सड़क के बीचों-बीच बैठ गई। इसी दौरान सामने खड़ी स्कॉर्पियो अचानक आगे बढ़ गई। चालक जाकिर खान को सड़क पर बैठी बच्ची दिखाई नहीं दी और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो का पिछला पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से गुजरते हुए साफ दिख रहा है। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। बैरसिया थाना पुलिस ने आरोपी चालक जाकिर के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




