राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में पिता द्वारा अपनी 8 साल की बेटी का गला रेतने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना कोहफिजा इलाके में स्थित मिलन शादी हॉल के पास की है। सोमवार रात करीब 10 बजे बच्ची के पिता ने ही वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बेटी का गला रेत झाड़ियों में फेंक दिया। उसने सोचा कि गला कटने से वो मर जाएगी। लेकिन, होश में आते ही खून से लथपथ बच्ची झाड़ियों से उठकर सड़क पर आ गई। वहां किसी से मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
खुद चलकर मांगी मदद
सहायक उप निरीक्षक राम प्रकाश ने बताया कि 8 वर्षीय प्रीति लोधी को उसका पिता तेज सिंह लोधी अपने घर से बड़े पापा के घर चलने का कहकर ले गया था। आरोपी ने कोहेफिजा के मिलन शादी हॉल के पास बच्ची का मुंह दबाकर गला रेत दिया। बेहोश हुई बेटी को मरा समझ झाड़ियों में फेंक दिया। थोड़ी देर बाद बच्ची झाड़ियों से उठकर सड़क पर आ गई। बच्ची के गले से खून बह रहा था। बच्ची ने वहां से गुजरने वाले किसी मोटरसाइकिल वाले से मदद मांगी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना मिली।
आरोपी की पहली पत्नी की बेटी है प्रीति
थाना प्रभारी ब्रजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि अभी आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी ने बताया है कि वह बच्ची से बहुत परेशान था, वह दिन भर उसे परेशान करती थी। कहना नहीं सुनने पर उसने घटना को अंजाम दिया। फिलहाल कारण अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुआ है। प्रीति लोधी तेज सिंह की पहली पत्नी की बेटी है। तेज सिंह किसी टेंट हाउस का काम करता है। टीला जमालपुर में किराए के एक मकान में रहता है मूलत: वह सागर का रहने वाला है।
बच्ची अभी हमीदिया में एडमिट
घायल प्रीति हमीदिया अस्पताल में भर्ती है। उसके साथ उसकी मां मौजूद है। मां और बच्ची का कहना है कि अंधेरा हो रहा था, पापा ने गाड़ी रोकी। इसके बाद पीछे से कोई आया और उसने मुझे पैसे दिए और मेरा गला काट दिया। हालांकि रात को दिए गए बयान में प्रीति ने पिता को ही आरोपी बताया था। उसने पुलिस को बताया था कि पिता ने ही उसका गला काटा।




