भोपाल। ईदगाह हिल्स स्थित बाजपेयी नगर मल्टी का रहने वाला 6 वर्षीय अंश मैना मंगलवार से लापता है। बच्चा अपनी बीमार मां से मिलने लालघाटी स्थित मल्टी केयर अस्पताल आया था, जहाँ से वह खेलते हुए अचानक गायब हो गया।

सीसीटीवी से खुला राज
परिजनों की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने जब अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो अंश एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है, लेकिन वह अभी तक बच्चे के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दे पा रहा है।
पुलिस की 6 टीमें तलाश में जुटीं
एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बच्चे की बरामदगी के लिए पुलिस की आधा दर्जन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। नादरा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता बच्चे को सकुशल बरामद करना है।




