भोपाल। राजधानी के बैरागढ़ इलाके में एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। पेट दर्द की दवा के साथ गलती से मां की शुगर की गोली खा लेने से 28 वर्षीय युवती वंदना मीणा की मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, गांव बेटा की रहने वाली वंदना लंबे समय से बीपी और पेट दर्द की समस्या से जूझ रही थी। रविवार देर रात जब उसे पेट दर्द हुआ, तो उसने अपनी नियमित दवाएं लीं। इसी दौरान अनजाने में उसने अपनी मां की शुगर की दवा भी खा ली। कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। बैरागढ़ पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर दवा लेने में चूक कैसे हुई। वंदना के निधन से उसके परिवार और छह भाई-बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



