गुना/भोपाल। भोपाल से जयपुर जा रही जोधपुर एक्सप्रेस (14814) में सवार एक दंपती को नशीला पानी पिलाकर लाखों के जेवर और नकदी लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद दंपती करीब 36 घंटे तक बेहोश रहे। जयपुर जीआरपी की जीरो एफआईआर के बाद अब गुना जीआरपी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजनबी ने विश्वास जीतकर दिया झांसा
मिसरोद (भोपाल) निवासी नर्मदा प्रसाद अहिरवार अपनी पत्नी कृष्णा बाई के साथ 18 जून को जनरल कोच में सफर कर रहे थे। उनके सामने बैठा एक युवक, जो खुद को दिल्ली जाने वाला बता रहा था, बातचीत में घुल-मिल गया। रात करीब 9:30 बजे उसने मदद के बहाने वेंडर से ली गई पानी की बोतल में नशीला पदार्थ मिला दिया। दंपती को शक न हो, इसके लिए आरोपी ने खुद भी पानी पीने का नाटक किया और उन्हें बोतल थमा दी।
गुना के पास हुए बेहोश, जयपुर में खुले राज
पानी पीने के कुछ देर बाद ही गुना स्टेशन के समीप दंपती बेहोश हो गए। 20 जून को जब उन्हें जयपुर के अस्पताल में होश आया, तब उन्हें पता चला कि उनके साथ लूट हुई है। आरोपी उनके गले से सोने का मंगलसूत्र, करीब 232 ग्राम चांदी के जेवर और कुल 9 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गया।
पुलिस कर रही तलाश
घटनास्थल गुना क्षेत्र में होने के कारण जयपुर जीआरपी ने जीरो पर प्रकरण दर्ज कर केस डायरी गुना ट्रांसफर कर दी थी। गुना जीआरपी ने 24 जून को औपचारिक एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



