शिवपुरी में बलात्कार के झूठे केस में फंसाकर लाख रुपए मांगने वाले दो लोगों को पकड़ा है। सोशल मीडिया पर दोस्ती करके उन्होंने तीन लोगों पर दुष्कर्म केस में फंसाने की तैयारी की थी। 6 लोग सेक्सटॉर्शन गैंग चलाकर इसी तरह से लोगों को फंसाते थे। चार अब भी फरार हैं।
मामला शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने तीनों दोस्तों से छिनी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में छोटू लोधी (20), निवासी काराखेत मनपुरा और एक महिला शामिल हैं।
यह मामला 30 मई की रात का है। दतिया जिले के ग्राम कुरथरा निवासी अनिल परिहार अपने दो दोस्तों कुंदन और ज्ञानसिंह कुशवाह के साथ सोशल मीडिया पर हुई जान-पहचान के आधार पर काराखेत की एक महिला से मिलने पहुंचे थे। उन्हें दुल्हई तिराहा पर दो युवतियां प्रियदर्शिनी और शिवानी मिलीं, जिन्होंने 2000 रुपए लेकर अनिल और कुंदन को पास के खेत में बने एक कमरे में भेजा।
वहां मौजूद तीन-चार युवक तीसरे साथी ज्ञानसिंह को पकड़कर धमकाने लगे। थोड़ी देर में अनिल और कुंदन को भी पकड़ लिया गया। उन्हें झूठे बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी देकर एक लाख रुपए की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर युवकों के साथ मारपीट की गई और उनकी बाइक व मोबाइल छीन लिए।

फिरौती के लिए अगली सुबह आया कॉल अगले दिन 31 मई को पीड़ितों के पास फिर से फोन आया, जिसमें कहा गया कि फिरौती की रकम लेकर आओ और अपनी बाइक व मोबाइल ले जाओ। इसके बाद तीनों युवक भौंती थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने टीम गठित की, जो आरोपियों की तलाश में लगी।
छह सदस्यीय गैंग, चार अभी फरार इस गैंग में कुल छह सदस्य शामिल हैं। तीन महिलाएं और तीन पुरुष। इनमें से दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अन्य चार की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है।




