भोपाल के विंध्याचल भवन में आग लग गई। हादसा घुमक्कड़ विभाग के विकास आयुक्त कार्यालय में गुरुवार दोपहर को हुआ। यहां रिनोवेशन कार्य चल रहा था। वेल्डिंग के दौरान कागज के गत्तों में आग लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर तीन दमकलें पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
देखिए तस्वीरें



ग्वालियर कलेक्ट्रेट में 3 विभागों के दस्तावेज जले इधर, ग्वालियर कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थित कोषालय (ट्रेजरी), महिला एवं बाल विकास विभाग और एक अन्य विभाग के कार्यालय में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे आग लगी थी। कलेक्ट्रेट कार्यालय के पीछे स्थित बिजली विभाग की डीपी में डबल फेस मिलने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे इन दफ्तरों में आग लग गई। इस हादसे में ट्रेजरी ऑफिस के दस्तावेज, महिला एवं बाल विकास विभाग के कंप्यूटर, फर्नीचर, सीपीयू, की-बोर्ड और कुछ महत्वपूर्ण फाइलें जलकर नष्ट हो गई।
सतपुड़ा भवन में लगी आग पर पाया था 20 घंटे बाद काबू
बता दें कि दो साल पहले भोपाल में मध्यप्रदेश सरकार के दूसरे सबसे बड़े सरकारी दफ्तर सतपुड़ा भवन में दोपहर 3.30 बजे आग लग गई थी। 20 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका था। सतपुड़ा भवन के पश्चिमी ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर संचालित आदिम जाति विभाग के दफ्तर से शुरू हुई आग के चौथी, पांचवीं और छठवीं मंजिल तक पहुंचने के बाद सरकार ने सेना और एयरफोर्स की मदद मांगी थी। सेना के 10 ट्रक से लगभग 100 जवान 4 फायर फाइटरों के साथ आग बुझाने में जुटे थे।




