इंदौर। भंवरकुआं पुलिस ने सोमवार को मेरठ (उत्तर प्रदेश) की एक शातिर गैंग के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर मोबाइल चोरी व लूट की कई वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से 33 महंगे मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और वारदात में इस्तेमाल कार सहित करीब 50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
साजिश: मिर्च पाउडर डालकर लूटने की थी तैयारी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह इंदौर में एक बड़े कारोबारी को लूटने की फिराक में था। योजना के तहत, ये लोग एक्सीडेंट का बहाना बनाकर कारोबारी की गाड़ी रुकवाते और चालक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर रुपयों से भरा बैग लूटने वाले थे।
कई राज्यों में फैला है नेटवर्क
पकड़े गए आरोपियों में कुलदीप पाल, नाजिम कुरैशी, महफूज, शोएब कुरैशी और मोहम्मद शकील शामिल हैं। आरोपियों ने कबूल किया कि वे महाराष्ट्र, गुजरात और इंदौर के कई इलाकों में मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य राज्यों में दर्ज आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।



