इंदौर:
अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के सुदामा नगर स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवर और सिक्के चुरा ले गए। पीड़ित मलय बिल्लौरे निजी इंश्योरेंस कंपनी में काम करते हैं और 19 सितंबर को अपने माता-पिता को हरिद्वार जाने के लिए रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे, जिसके बाद वे सुखलिया में अपनी बुआ के घर चले गए थे।
जब मलय 20 सितंबर की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला खोलने के बावजूद दरवाजा अंदर से बंद मिला। पीछे जाकर देखने पर खिड़की टूटी हुई मिली, जिसके जरिए अंदर जाकर उन्होंने लॉक खोला। घर के अंदर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखे गहने गायब थे।
चोरी गए सामान में दो सोने के मंगलसूत्र, एक सोने का हार, पांच सोने की चेन, अंगूठियां, झुमकी और कान के बूंदों के अलावा चांदी की पायल, अंगूठी, बर्तन, दीपक और करीब बारह चांदी के सिक्के शामिल हैं।
पीड़ित मलय ने पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि घटना के तुरंत बाद वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने दो दिन बाद मंगलवार को एफआईआर दर्ज की। फिलहाल अन्नपूर्णा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



