इंदौर के तिलक नगर में रहने वाले दो स्टूडेंट्स के लैपटॉप अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश जारी है।
तिलक नगर पुलिस के मुताबिक, रूप सागर अपार्टमेंट में रहने वाले हेमंत उपाध्याय ने शिकायत दर्ज कराई। हेमंत, जो एमबीए का छात्र है, अपने दोस्त प्राशू के साथ यहां रहता है। दो दिन पहले रात में वे फ्लैट का गेट लॉक करना भूल गए। सुबह उठने पर दोनों के लैपटॉप गायब मिले। इसके अलावा, एक ब्रांडेड घड़ी और प्राशू का पर्स भी चोरी हो गया। आसपास तलाश करने के बाद उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद जांच शुरू कर दी है।
रिटायर्ड पुलिसकर्मी के रिश्तेदार के घर चोरी
बाणगंगा थाना क्षेत्र के कालिंदी गोल्ड कॉलोनी में चोरी की वारदात हुई। अनिल त्रिपाठी के घर से सामान चोरी होने की शिकायत उनके रिश्तेदार राजेश कुमार त्रिपाठी ने दर्ज कराई। राजेश त्रिपाठी पुलिस विभाग में एसआई पद से रिटायर्ड हैं।
शिकायत के अनुसार, अनिल त्रिपाठी अपने घर पर ताला लगाकर महू गंज, उत्तर प्रदेश गए थे। इस दौरान चोरों ने घर को निशाना बना लिया। पुलिस का कहना है कि चोरी गए सामान की पूरी जानकारी अनिल त्रिपाठी के लौटने के बाद ही मिल सकेगी।
कनाडिया में बोलेरो पिकअप चोरी
कनाडिया थाना क्षेत्र में एक बोलेरो पिकअप चोरी होने का मामला सामने आया है। हरना बड़ली बिचौली हप्सी निवासी सीताराम भंवर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर के सामने खड़ी बोलेरो पिकअप (नंबर MP09GF3015) को अज्ञात बदमाश चुराकर ले गए।
सीताराम ने बताया कि 20 मार्च की रात वह पीथमपुर से सरिए खाली कर घर लौटे थे और गाड़ी बाहर खड़ी कर दी थी। जब दो दिन तक गाड़ी नहीं मिली, तो उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस चोरी की वारदातों की जांच में जुटी है।




