भोपाल। शहर में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवारा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हवाई फायर करने वाले 3 हजार रुपये के इनामी शातिर बदमाश सोहेल उर्फ दिलावर को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने डबल फाटक रेलवे पटरी के पास घेराबंदी कर 24 वर्षीय सोहेल (निवासी करोंद) को दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एयर पिस्टल, धारदार चाकू और सात नकली बारूद बाल्व बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
32 मामलों में है शामिल
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले ही उसने ऐशबाग क्षेत्र के बाग उमराव दुल्हा में हवाई फायर कर दहशत फैलाई थी। मूल रूप से सागर निवासी यह बदमाश बेहद शातिर है और अपना पता बदल-बदल कर पुलिस को चकमा देता रहा है। इस पर भोपाल और जीआरपी थानों में चोरी और मारपीट जैसे करीब 32 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
टीम को मिला इनाम
आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त जोन-3 द्वारा 3 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस कार्रवाई में मंगलवारा थाना प्रभारी अजय कुमार सोनी और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब अन्य थानों से भी आरोपी के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है।




