मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। गणतंत्र दिवस पर भोपाल के मुगालिया छाप गांव से ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान की शुरुआत की गई। पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ खुद इसमें शामिल हुए। कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा। यह अभियान प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर बूथ लेवल तक चलेगा। भ्रष्टाचार, महंगाई और रोजगार बड़ा मुद्दा रहेगा। नए वोटर, युवा, महिलाएं, एससी-एसटी और आदिवासी वर्ग पर ज्यादा फोकस रहेगा, ताकि चुनाव में फायदा मिल सके।
प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी ने पहले ही चुनावी शंखनाद कर दिया। लगातार बैठकें करके बूथ लेवल पर फोकस किया जा रहा है तो CM शिवराज सिंह चौहान समेत राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेता मंथन में जुटे हैं। हाल ही में हुई कार्यसमिति की मीटिंग में भी चुनावी झलक देखने को मिली थी। अब कांग्रेस भी मैदान में कूद गई है। कांग्रेस का यह अभियान जिला, ब्लॉक, सेक्टर, मंडलम और बूथ लेवल पर चलेगा। कांग्रेसी जनता के बीच जाकर बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों को बताएंगे। इसमें 15 महीने की कमलनाथ सरकार की उपलब्धियों को गिनाया जाएगा।
इसलिए शुरू किया अभियान
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी देश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाल रहे हैं। यह यात्रा मध्यप्रदेश से भी गुजरी है। कांग्रेस के सीनियर नेताओं का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा के सक्सेस को देखते हुए एआईसीसी (ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी) से प्रदेश में ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान शुरू करने को कहा गया था। इसलिए राजधानी भोपाल के मुगालिया छाप गांव से शुरुआत की गई है। इस यात्रा को चुनावी प्रचार के आगाज से भी जोड़ा जा रहा है।




