पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मुंबई के अंधेरी इलाके की रहने वाली हैं। केटरिंग का बिजनेस है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि 30 जुलाई 2019 को पति का निधन हो गया था। इसके बाद बिजनेस और दूसरे कामकाज की जिम्मेदारी मुझ पर आ गई। मुंबई की ही एक प्रॉपर्टी बेचने के लिए ब्रोकर वकार सिद्दीकी से कॉन्टैक्ट हुआ था। उसने मुंबई की ये प्रॉपर्टी बिकवा दी।
सिद्दीकी इसके बाद से ही घर आने-जाने लगा। मैंने उसे बताया कि हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में भी मेरी प्रॉपर्टी है। इस पर ससुराल वाले कब्जा जमाए हुए हैं। सिद्दीकी ने भरोसा दिलाया कि वह इस प्रॉपर्टी को भी बिकवा देगा।
इसी प्रॉपर्टी के सिलिसले में उसने भोपाल चलने को कहा। हम 16 नवंबर को भोपाल आए। यहां एमपी नगर स्थित होटल ओएसिस में अलग-अलग रूम्स में ठहरे। इसी दिन रात में सिद्दीकी मेरे रूम में आया और अश्लील हरकतें करने लगा। उसकी इस हरकत से हैरान रह गई, मेरे विरोध करने पर वह वापस अपने रूम में लौट गया।
21 नवंबर की रात 8.30 बज रहे होंगे। सिद्दीकी इस रात फिर मेरे रूम में आया। उसने गंदी हरकतें करना शुरू कर दीं। मैंने मना किया तो इस बार वो वापस नहीं लौटा। मेरे साथ मारपीट कर गलत काम किया। धमकी दी कि पुलिस से बताया तो जान से खत्म कर देगा।
पीड़िता ने डायल-100 को सूचना देकर पुलिस बुलाई
टीआई सुधीर अरजरिया ने बताया कि आरोपी और महिला की दो साल से दोस्ती है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। महिला का कहना है कि वह आरोपी की धमकी से डर गई थी। इसीलिए उसने रात (21 नवंबर) में कुछ नहीं बताया। सुबह उसने डायल-100 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से बात की। उसने बताया कि वकार ने उसके साथ गलत काम किया है। इसके बाद पुलिस उसे थाने लेकर पहुंची।




