ग्वालियर। शहर में साइबर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक यूपीएससी (UPSC) कोचिंग संचालक के बैंक खाते से ठगों ने करीब 2.5 लाख रुपए पार कर दिए। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित के पास न तो कोई कॉल आया और न ही उन्होंने किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया।
मैच देखते समय लगा झटका
विजयनगर आमखो निवासी दीपक शर्मा 22 फरवरी की रात भारत-साउथ अफ्रीका का क्रिकेट मैच देख रहे थे। रात करीब 11 बजे अचानक उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हुए। जब उन्होंने बैंक स्टेटमेंट चेक किया, तो पता चला कि 20 से 22 फरवरी के बीच उनके खाते से यूपीआई (UPI) के जरिए कुल 2,49,999 रुपए निकाले जा चुके हैं।
जागरूक होने के बावजूद हुई ठगी
दीपक शर्मा खुद पुलिस के साइबर जागरूकता अभियानों में सक्रिय रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके फोन में ‘ऑटो डाउनलोड’ का विकल्प भी बंद है, फिर भी उनके साथ यह वारदात हो गई। पुलिस को अंदेशा है कि अनजाने में किसी APK फाइल के जरिए उनका फोन हैक किया गया होगा।
पुलिस की सुस्ती, हेल्पलाइन से मिली मदद
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद स्थानीय कंपू थाने से उन्हें उचित रिस्पॉन्स नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, तब जाकर पुलिस ने मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस उन खातों की तलाश कर रही है जिनमें पैसा ट्रांसफर हुआ है।
सावधानी की सलाह: अनजान सोर्स से प्राप्त किसी भी फाइल (APK) को इंस्टॉल न करें और समय-समय पर अपने बैंकिंग पासवर्ड बदलते रहें।




