बेशर्म रंग’… गाने के बाद सुर्खियों में आई ‘पठान’ मूवी बुधवार को मध्यप्रदेश के टॉकीजों में रिलीज हो गई है। रिलीज होने के साथ ही विरोध प्रदर्शन भी होने लगे हैं। ग्वालियर-इंदौर में प्रदर्शन के साथ ही भोपाल में भी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। भोपाल के सभी टॉकीज और मल्टीप्लेक्स में यह मूवी रिलीज हुई है। यहां हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता हनुमान चालीसा का पाठ भी कर रहे हैं। कुछ टॉकीजों में शो कैंसिल किए गए हैं। विरोध के चलते रंगमहल टॉकीज पर लगा फिल्म का पोस्टर भी हटा लिया गया है। हालांकि, दोपहर बाद के शो हाउसफुल चल रहे हैं। ज्यादातर में 90 प्रतिशत तक दर्शक है।
मध्यप्रदेश फिल्म एसोसिएशन के सचिव अजीजुद्दीन ने बताया कि भोपाल के सभी टॉकीजों में पुलिस फोर्स तैनात है। वहीं, सभी शो 90% से ज्यादा चल रहे हैं। भोपाल में यह फिल्म सभी टॉकीज और मल्टीप्लेक्स में रिलीज हुई है।




