Monday, June 22, 2026
30.9 C
Bhopal

पंचतत्व में विलीन हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव

क्षिप्रा तट पर हुई स्व. पूनमचंद यादव की अंत्येष्टि, पार्टी नेताओं व नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि
भोपाल/उज्जैन, 04/09/2024। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूज्य पिताजी श्री पूनमचंद यादव की अंत्येष्टि बुधवार को उज्जैन के क्षिप्रातट पर भूखीमाता मंदिर के पास वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। स्व. पूनमचंद यादव के ज्येष्ठ पुत्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़े भाई श्री नंदलाल यादव ने मुखाग्नि दी। उपस्थित जनसमुदाय एवं पार्टी नेताओं ने श्री पूनमचंद यादव को अश्रुपूरित श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
स्व. पूनमचंद यादव की अंतिम यात्रा बुधवार को प्रातः 11.30 बजे उज्जैन के अब्दालपुरा स्थित गीता कॉलोनी से प्रांरभ होकर सकड़िया सुल्तान मंदिर, खजूर वाली मस्जिद, बुधवारिया, निकास चौराहा, तेलीवाड़ा, कंठाल, सतीगेट, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, ढाबा रोड, बड़ापुल, कार्तिक मेला ग्राउंड होते हुए क्षिप्रा तट पर स्थित भूखीमाता मंदिर के समीप पहुंची। अंतिम यात्रा के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि अर्पित की। क्षिप्रा तट पर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार स्व. यादव का अंतिम संस्कार किया गया।
अंत्येष्टि में शामिल हुए पार्टी के वरिष्ठ नेतागण
स्व. पूनमचंद यादव की अंतिम यात्रा में कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य श्री सत्यनारायण जटिया, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी, केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, श्री राजेन्द्र शुक्ल, मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित प्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न जिलों से आए पार्टी के जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए। पार्टी नेताओं एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर स्वर्गीय श्री पूनमचंद यादव को अंतिम विदाई दी।
स्व. पूनमचंद यादव के निवास पर पहुंचे पार्टी नेता
स्व. पूनमचंद यादव का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह अंतिम दर्शन के लिए गीता कालोनी स्थित उनके निवास पर रखा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं नागरिकों ने स्व. यादव के अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। प्रदेश शासन के मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, श्री तुलसीराम सिलावट, श्री प्रद्युम्नसिंह तोमर, श्री उदय प्रताप सिंह, श्री चेतन्य काश्यप, श्री विश्वास सारंग, श्री दिलीप जायसवाल, श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, श्रीमती राधा सिंह, श्री नारायण सिंह पंवार, श्री लखन पटेल, पार्टी के प्रदेश महामंत्री, प्रदेश सदस्यता प्रभारी व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर सिंह रावत, प्रदेश मंत्री श्री राहुल कोठारी, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष व विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, उज्जैन जिला अध्यक्ष श्री विवेक जोशी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री बहादुर सिंह बोरमुंडला, प्रदेश प्रवक्ता श्री यशपाल सिंह सिसोदिया एवं श्री राजपाल सिंह सिसोदिया सहित मध्यप्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व. यादव के अंतिम दर्शन किए।
पार्टी और परिवार के लिए दुःख की घडी है-श्री विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने स्व. पूनमचंद यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता श्री पूनमचंद यादव जी आज हमारे बीच नहीं हैं। स्व. यादव के परिवार और भारतीय जनता पार्टी के लिए यह दुख की घड़ी है। मैं भारतीय जनता पार्टी परिवार की ओर से उनके चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करता हॅू। भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। स्व. पूनमचंद यादव को याद करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि उज्जैन में जब मैं संगठन मंत्री था, उस समय मुझे भी उनका आशीर्वाद मिलता था। उन्होंने अपना पूरा जीवन जीया और अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दिए। उन्होंने अपने बच्चों को इतना कर्तव्यनिष्ठ बनाया कि डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री के रूप में कुशलतापूर्वक प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं।
सामान्य हालात में भी उन्होंने अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा व संस्कार दिए- श्री थावरचंद गहलोत
कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धेय पूनमचंद यादव जी ने सामान्य हालात में भी अपने बच्चों को उच्च शिक्षित बनाकर जीवन की सार्थकता जिनमें निहित हैं, वह ज्ञान व संस्कार दिए। मैं श्रद्धेय पूनमचंद यादव जी के श्रीचरणों में अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और भगवान महाकाल से यादव परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
बाबा महाकाल यादव परिवार को वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें-डॉ.सत्यनारायण जटिया
भारतीय जनता पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्री पूनम चंद यादव जी के दुःखद निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरा तो उनके साथ वर्षों पुराने संबंध हैं। वे जब भी मिलते थे, हमेशा परिवार को अच्छे संस्कार व परवरिश देने की सीख देते थे। उनसे हमेशा आत्मीय संबंध रहे हैं। उनके निधन से मुझे गहरी पीड़ा है। प्रभु से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
जीवन की यही सार्थकता है कि स्व. यादव के बेटे साढ़े आठ करोड़ जनता की सेवा कर रहे हैं-श्री नरेन्द्रसिंह तोमर
मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घड़ी अत्यंत दुःख की घड़ी है। जिसका जन्म हुआ है, उसे एक दिन दुनिया छोड़कर जाना ही है। आज यहां जितने भी लोग उपस्थित हैं, सभी ने यह महसूस किया होगा कि श्रद्धेय पूनमचंद यादव जी ने अपने परिवार को किस तरह से संवारा है। पूनमचंद जी के जीवन की यही सार्थकता है कि उनके एक बेटे डॉ. मोहन यादव आज मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की सेवा कर रहे हैं। हर व्यक्ति के जीवन में माता-पिता ही ऐसे होते हैं, जिनकी भरपाई कोई नहीं कर सकता। जब भी मैं उज्जैन आता था, उनका स्नेह, प्यार और आशीर्वाद हमेशा प्राप्त होता रहा है। भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और सद्गति प्रदान करें।
श्रद्धेय पूनमचंद जी हमेशा हमारी स्मृतियों में रहेंगे व पथ प्रदर्शक रहेंगे – डॉ. महेन्द्र सिंह
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धेय पूनमचंद यादव जी आज भले हम सब को छोड़कर अनंत यात्रा चले गए हों, लेकिन वे हमारी स्मृतियों में रहेंगे। मैं बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने धाम में स्थान देने एवं असीम दुःख की इस घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
पूनमचंद जी की प्रेरणादायी बातें हमारे साथ हैं- श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धेय पूनमचंद यादव जी ने अपने परिवार व बच्चों की अच्छी परवरिश की और अच्छे संस्कार दिए हैं। दो दिन पहले ही मुझे उनका आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। आज भले ही वे हमारा साथ छोड़कर परमपिता परमात्मा के पास चले गए हों, लेकिन उनकी प्रेरणादायी बातें, उनका आशीर्वाद हमारे साथ हमेशा रहेगा। मैं भगवान महाकाल और परमात्मा से यही प्रार्थना करता हूं कि शोक संतप्त यादव परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
राष्ट्र सेवा के हमारे आरंभ के दिनों से हमें संबल प्रदान करते रहे -श्री कैलाश विजयवर्गीय
प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धेय श्री पूनमचंद यादव जी राष्ट्र सेवा संकल्प के हमारे आरंभिक दिनों से अभी तक मार्गदर्शन व संबल प्रदान करते रहे हैं। बाबूजी जीवन में संपूर्णता प्राप्त करने के बाद भी सदैव सहज एवं सरल रहे। उन्होंने संघर्ष पथ पर बढ़ते हुए पारिवारिक मूल्यों के संस्कार दिए और उनके कर्म में सिद्धि झलकती थी। आज बाबूजी भौतिक रूप से भले हमारे बीच नहीं हैं, परंतु उनके आशीष और स्नेह की छांव सदैव हमारे साथ रहेगी।

Hot this week

भोपाल: चाकूबाजी कर दहशत फैलाने वाला आरोपी 36 घंटे में गिरफ्तार, दूसरा फरार

​भोपाल। मंगलवारा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर...

भोपाल: गलती से मां की शुगर की दवा खाने से युवती की मौत, परिजनों में मातम

​भोपाल। राजधानी के बैरागढ़ इलाके में एक बेहद दुखद...

मंगेतर की करतूत, रिश्ता तोड़ा तो दी बदनाम करने और जान से मारने की धमकी

​इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने...

Topics

भोपाल: चाकूबाजी कर दहशत फैलाने वाला आरोपी 36 घंटे में गिरफ्तार, दूसरा फरार

​भोपाल। मंगलवारा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर...

मंगेतर की करतूत, रिश्ता तोड़ा तो दी बदनाम करने और जान से मारने की धमकी

​इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img