कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में चोरी और संदिग्ध गतिविधियों के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 27 मार्च की रात कस्तूरी कॉलोनी में कुछ संदिग्ध लोग एक घर में घुसने की कोशिश करते दिखे। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका 2 मिनट 28 सेकेंड का वीडियो सामने आया है।
रात 3:05 बजे घर में घुसने की कोशिश
वीडियो में दिख रहा है कि रात 3:05 बजे कुछ लोग एक घर के गेट के पास पहुंचे और उसे खोलने की कोशिश करने लगे। हालांकि, वे घर में दाखिल नहीं हो सके और कुछ देर बाद वहां से चले गए। इससे पहले भी बाग मुगालिया एक्सटेंशन और आसपास के इलाकों में कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी को पुलिस पकड़ नहीं पाई है।

कॉलोनीवासियों में चिंता, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनीवासियों में डर का माहौल है। बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कई संदिग्ध लोग देर रात कॉलोनी में घूमते रहते हैं, जिससे चोरी के साथ-साथ जनहानि की आशंका बनी हुई है। जल्द ही पुलिस आयुक्त से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की अपील की जाएगी।

एफआईआर दर्ज नहीं की
कटारा हिल्स पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गश्त को भी बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।




