जॉब की तलाश में शहडोल से भोपाल आई युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती को रेलवे स्टेशन पर दो आरोपियों ने नौकरी दिलाने का झांसा दिया। वे उसे स्टेशन के पास ही एक घर में लेकर गए, यहां गलत काम किया। वहीं एक अन्य आरोपी ने उससे छेड़छाड़ की। आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागी युवती ने जब दो पुलिसकर्मियों से मदद मांगी। तो आरोपी उनकी आंखों में पाउडर डालकर भाग निकले।
घटना 12 जनवरी की है। पुलिसकर्मियों ने युवती को 500 रुपए देकर शहडोल भेज दिया था। वहां पहुंचकर उसने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने 19 जनवरी को FIR दर्ज कराई। आगे की जांच के लिए सीधी थाना पुलिस ने केस डायरी भोपाल के मंगलवारा थाना पुलिस को भेजी। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी। वहीं पुलिसकर्मियों की भी पहचान नहीं हो सकी है। भोपाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़िए पीड़िता की आपबीती… उसी की जुबानी…
जॉब की तलाश में निकली थी
मेरी उम्र 22 साल है। 10वीं में फेल हो जाने के बाद मैं पढ़ाई छोड़कर घर में ही रहती हूं। मैं कृष्णा नाम के लड़के को जानती हूं, इसलिए उससे बात करती थी। 10 जनवरी 2023 को दिन में 10 बजे मैंने पापा के मोबाइल से कृष्णा को फोन कर नौकरी की तलाश करने को लेकर बात की थी। तब उसने कहा था कि भोपाल आ जाओ। किसी फैक्ट्री में काम मिल जाएगा। इसके बाद मैं शाम करीब 4:50 बजे अपने घर से बनसुकली बस स्टैंड के लिए निकल गई। बस में बैठकर मैं ब्योहारी बनसुकली तिराहा रोड पहुंची।
शाम करीब छह से सात बजे के बीच ब्योहारी बस स्टैंड तिराहा पर मैंने चाट वाले की दुकान से मोबाइल लेकर कृष्णा को फिर कॉल किया। वह मुझे ब्योहारी बनसुलकी रोड तिराहा पर मिला। हम दोनों 10 मिनट वहां पर रूके। उसने मुझे बाइक से भोपाल चलने को कहा। मैंने बाइक से जाने से मना कर दिया। इसके बाद कृष्णा ने मुझे 500 रुपए दिए और वह भोपाल निकल गया।
पहले मैं जबलपुर पहुंची
इसके बाद मैं ऑटो में बैठकर ब्योहारी रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां भोपाल के लिए ट्रेन नहीं मिलने पर मैं 11 जनवरी को सुबह करीब 8 बजे शक्तिपुंज ट्रेन मैं बैठी। ट्रेन दोपहर 2 बजे जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 3 पर पहुंची। शाम 6 बजे मैं वहां से प्लेटफॉर्म 1 से भोपाल जाने वाली ट्रेन में बैठी। ट्रेन का मुझे नाम याद नहीं। जनरल कोच में सफर करते हुए मैं रात करीब 10 बजे भोपाल पहुंच गई। ट्रेन पांच नंबर प्लेटफार्म पर रुकी थी।




