भोपाल/मंडीदीप। मंडीदीप के सतलापुर से पिछले रविवार से लापता 35 वर्षीय राजेश राय का शव शुक्रवार को भोपाल बायपास रोड पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कटारा हिल्स पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए एम्स भोपाल भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, राजेश रविवार रात ड्यूटी जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। मोबाइल बंद होने और कहीं पता न चलने पर परिजनों ने सतलापुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। छह दिन की तलाश के बाद शुक्रवार को उनका शव बायपास पर बरामद हुआ।
राजेश अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। कटारा हिल्स थाना पुलिस का कहना है कि मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस अब इस पहलू पर जांच कर रही है कि वे वहां तक कैसे पहुँचे और उनकी मृत्यु किन हालात में हुई।




