छतरपुर में सिटी कोतवाली पर पथराव केस में सीएम डॉ मोहन यादव के निर्देश के बाद पुलिस कड़ा एक्शन ले रही है। गुरुवार को पुलिस ने पथराव करने के मुख्य आरोपी पूर्व कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हाजी शहजाद अली के आलीशान बंगले पर बुलडोजर चलवा दिया। बंगला 20 हजार वर्ग फीट में बगैर परमिशन के बनाया गया है।
इस दौरान पोर्च में खड़ी फॉर्च्यूनर समेत तीन कारों को जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर बाहर निकाला गया। कारों पर भी जेसीबी चढ़ा दी गई। मुख्य आरोपी शहजाद अली परिवार समेत फरार हो गया है। उधर, पुलिस की बाइकर्स टीम ने अलग-अलग इलाके से 10 से 12 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, बुधवार (21 अगस्त) को समुदाय पर किसी शख्स के आपत्तिजनक कमेंट से नाराज लोग ज्ञापन सौंपने थाने पहुंचे थे। धीरे-धीरे बातचीत बहस और बहस उग्रता में तब्दील हो गई। लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान TI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। टीआई की हालत गंभीर है, जिनका ICU में इलाज चल रहा है।




