भोपाल के बागसेवनिया इलाके में रहने वाली युवती ने लिव-इन-पार्टनर पर रेप का केस दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि दोनों 2022 से लगातार साथ रह रहे हैं। आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ संबंध बनाए हैं। अब आरोपी शादी करने की बात से मुकर गया है। पिछले दिनों आरोपी ने उससे हर तरह के संपर्क खत्म कर दिए। कई बार बात करने का प्रयास किया लेकिन आरोपी ने बात नहीं की। तब थाने पहुंची युवती ने एफआईआर दर्ज कराई है।
टीआई अमित सोनी के मुताबिक बागसेवनिया में रहने वाली 25 वर्षीय युवती होशंगाबाद रोड पर एक मॉल में काम करती है। जबकि आरोपी लोकेश सिंह ठाकुर प्राइवेट काम करता है। दोनों बैतूल जिले के एक ही गांव के रहने वाले हैं। वर्ष 2022 से दोनों एक साथ रह रहे थे।
फिर दोनों के बीच बातचीत होने लगी और मामला प्रेम प्रसंग तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों लिव इन रिलेशनशिप में साथ रहने लगे। करीब तीन साल तक लिव इन में रहने के बाद आरोपी युवक ने दो दिन पहले उसके साथ शादी करने से इनकार कर दिया। हर तरह का संपर्क रखने से भी इनकार कर दिया।
भागने की फिराक में घूम रहे आरोपी को गिरफ्तार किया
इससे नाराज होकर पीड़िता थाने पहुंची और आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। साथ ही पुलिस ने घेराबंदी कर बैतूल भागने की फिराक में घूम रहे आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी युवक को आज कोर्ट में पेश कर जेल भेज देगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




