भोपाल के ईदगाह हिल्स के एक फ्लैट में 10 महीने की बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। बुधवार देर रात बच्ची खेलते हुए बाथरूम में चली गई थी। जहां वह हादसे का शिकार हुई। शाहजहांनाबाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
करण सिंह जाटव पीएनबी कॉलोनी ईदगाह हिल्स में परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा 5 वर्षीय बालक है और छोटी बेटी प्रनिषा थी। बुधवार रात करीब 10:30 बजे बच्ची खेलते हुए फ्लैट के बाथरूम में पहुंची। जहां पानी से भरी हुई बाल्टी थी। खेलते हुए बच्ची मुंह के बाल पानी की बाल्टी में जा गिरी। करीब 10 मिनट बाद जब मां ने उसको देखा तो बच्ची का चेहरा नीला हो चुका था।
आनन-फानन में पति को सूचना दी और उनके साथ बच्ची को हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद बच्ची को मृत घोषित किया और शाहजहांनाबाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवाया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। गुरुवार को बच्ची का शव पीएम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के डिटेल बयान दर्ज नहीं किए हैं।
किचन के काम में व्यस्त थी मां
मृतिका के मामा संदीप ने बताया कि हादसे के समय बच्ची की मां किचन के काम में व्यस्त थी। करीब 10 मिनट तक जब बच्ची नजर नहीं आई तो उन्होंने बच्ची के बड़े भाई से बहन के संबंध में पूछा। उसने बहन के साथ होने और उसकी जानकारी होने से इनकार कर दिया। तब मां ने बाथरूम को चेक किया तो बच्ची को बाल्टी में डूबा हुआ पाया। उसके पांव ऊपर थे जबकि सर पानी में डूबा हुआ था। शाहजहांनाबाद पुलिस का कहना है कि एफएसएल की टीम से मौका मुआइना कराया है। घटना की हर एंगल पर जांच की जा रही है।




