राजधानी भोपाल के जयप्रकाश अस्पताल में रविवार को गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला के गर्भ में ही शिशु की मौत हो गई थी। परिजन का आरोप है कि डॉक्टरों की अनदेखी और समय से सिजेरियन न कराने के चलते गर्भवती की मौत हुई है। महिला की मौत के बाद करीब एक घंटे तक अस्पताल में हंगामा हुआ। अब अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए तीन डॉक्टरों की कमेटी बनाई है। यह कमेटी आज अपनी रिपोर्ट देगी।
एक दिन पहले किया था भर्ती
चंचल (27) पत्नी अनिल की पहली डिलेवरी होनी थी। उसे प्रसव पीड़ा के चलते जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतक के पति अनिल ने बताया कि यह हमारा पहला बच्चा था। सब कुछ ठीक चल रहा था। सभी तरह की जांच समय पर करवाई गई थी। शनिवार को पत्नी को दर्द उठा तो उसे लेकर जेपी अस्पताल आ गया। डॉ. श्रद्धा अग्रवाल ने कहा कि सब कुछ ठीक है, दवाइयां दे दी हैं। जब पूरा एक दिन गुजर गया और पत्नी को प्रसव नहीं हुआ तो कई बार डॉक्टरों के पास गया। बताया कि उसे दर्द ज्यादा हो रहा है, आप लोगों को यदि ऑपरेशन करना हो तो जल्दी कीजिए, लेकिन डॉक्टरों ने ध्यान नहीं दिया। पत्नी की मौत लापरवाही के कारण हुई है।




