इंदौर की पलासिया पुलिस ने एक रिसर्च कंपनी की महिला मैनेजर की शिकायत पर ऑफिस में छेड़छाड़ और फर्जी प्रोफाइल बनाकर अश्लील चैटिंग करने के आरोप में एक कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान प्रज्जवल सिंह पटेल निवासी लिबोदी के रूप में हुई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 27 वर्षीय महिला ने बताया कि साकेत क्षेत्र स्थित कंपनी में 18 सितंबर को प्रज्जवल सिंह इंटरव्यू के लिए आया था, जहां उसका चयन हुआ। कुछ दिनों बाद उसने आदित्य राय नाम से फेक आईडी बनाकर महिला को आपत्तिजनक मैसेज भेजना शुरू किया। जब महिला ने जवाब नहीं दिया तो आरोपी ने इंस्टाग्राम पर अश्लील रील्स और मैसेज भेजने शुरू कर दिए।
एक मैसेज से पकड़ा गया आरोपी
महिला ने बताया कि एक दिन आरोपी ने मैसेज किया कि “लिफ्ट में जब तुम पास खड़ी थी, तब अच्छा लगा।” इसके बाद उसे एहसास हुआ कि लिफ्ट में वही मौजूद था। इसके बाद आरोपी ने ऑफिस में भी उसे गलत तरीके से धक्का दिया।
मोबाइल की जांच करने पर हकीकत सामने आई
शंका होने पर महिला ने कंपनी मालिक को जानकारी दी। प्रज्जवल को बुलाया गया और पूछताछ की गई। पहले तो उसने ऐसा कुछ भी करने से मना किया, पर जब मोबाइल की जांच की गई, तो उसका झूठ पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि फेक आईडी प्रज्जवल के मोबाइल से ही संचालित हो रही थी। महिला मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने प्रज्जवल सिंह पटेल के खिलाफ छेड़छाड़ और आईटी एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।




