सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार के चलते युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बरघाट पुलिस ने रविवार को पुलिस ने अतुल उर्फ पंकज मड़ावी और अंकित गढ़पाल को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों ने कन्हरगांव माइनर रोड किनारे 30 साल का युवक अनिल मर्सकोले की चाकू से गला रेतकर हत्या की थी।
ये है पूरा मामला
बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बैस ने बताया कि 24 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कन्हरगांव माइनर रोड किनारे एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक ग्राम निवारी निवासी अनिल मर्सकोले (30) है। शव लहूलुहान अवस्था में था।
मुखबिर से सूचना मिली कि मृतक की पत्नी रुकमणी से गांव का ही अतुल उर्फ पंकज मड़ावी एकतरफा प्यार करता था।
पुलिस ने संदेह के आधार पर अतुल उर्फ पंकज मड़ावी (22), निवासी ग्राम निवारी, से पूछताछ की। अतुल ने बताया कि वह अपने घर के सामने रहने वाले अनिल मर्सकोले की पत्नी रुकमणी से प्यार करता था। उसने यह बात अपने दोस्त अंकित गढ़पाल को भी बताई थी।
अनिल अक्सर काम के सिलसिले में नागपुर आता-जाता रहता था, और उसकी अनुपस्थिति में अतुल रुकमणी से बातचीत करता था। अतुल ने रुकमणी से अपने प्यार का इजहार किया, लेकिन रुकमणी ने अपने पति के अलावा किसी और के बारे में सोचने से इनकार कर दिया।
अतुल ने पुलिस को बताया कि अनिल मर्सकोले शराब पीकर रुकमणी से मारपीट करता था। रुकमणी को अपना बनाने के लिए अतुल ने अपने दोस्त अंकित पिता महेश गढ़पाल के साथ मिलकर अनिल की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत, वे अनिल को शराब पिलाने के बहाने बाइक पर अपने साथ ले गए।
ग्राम कन्हरगांव जाने वाली माइनर नहर वाली रोड पर एक सुनसान जगह पर उन्होंने अनिल को शराब पिलाई और फिर चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या में प्रयुक्त चाकू को उन्होंने खेत में छिपा दिया था।




