भोपाल। राजधानी के पॉलिटेक्निक चौराहे पर रविवार रात एक सड़क हादसे में 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रही वृद्धा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। सोमवार तड़के इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
दवा लेकर लौट रही थीं वृद्धा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाणगंगा प्रताप नगर निवासी पार्वती सिंह ठाकुर (77) रविवार रात करीब 9 बजे घर से दवा लेने निकली थीं। पॉलिटेक्निक चौराहे के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर से बीपी और सिर दर्द की दवा लेकर जैसे ही वह वापस लौटने लगीं, तभी बाइक नंबर MP04 VD 3745 के चालक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल पहुंचाकर गायब हुआ आरोपी
हादसे के बाद घायल महिला को बेसुध हालत में बाइक चालक ने ही स्मार्ट सिटी अस्पताल पहुंचाया। मृतका के दामाद भंवरलाल सोलंकी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराते समय आरोपी ने खुद को होमगार्ड का जवान बताया था, लेकिन कुछ देर बाद वह वहां से खिसक गया। सोमवार सुबह इलाज के दौरान वृद्धा की मौत हो गई।
पुलिस का पक्ष: > “पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर मर्ग कायम कर लिया है। चालक की तलाश की जा रही है और यह भी तस्दीक की जा रही है कि क्या वह वाकई होमगार्ड में पदस्थ है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
श्यामला हिल्स थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए भी बाइक सवार की पहचान की जा रही है।




