जबलपुर/शहडोल। पिता का साया बेटी के लिए सुरक्षा का कवच माना जाता है, लेकिन शहडोल की एक 16 साल की किशोरी के लिए उसका पिता ही खौफ का पर्याय बन गया। शराबी पिता द्वारा लगातार की जा रही अश्लील हरकतों और प्रताड़ना से तंग आकर किशोरी अपना घर छोड़कर 180 किमी दूर जबलपुर आ गई। किशोरी ने अपने पास पिता की घिनौनी हरकतों के वीडियो सुरक्षित रखे थे, जिसे देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए।
‘वीडियो दिखाए तो पुलिस हैरान रह गई’
बुधवार शाम जबलपुर रेलवे स्टेशन पर अकेली बैठी किशोरी को पुलिस महिला थाने ले आई। पहले तो पुलिस को उसकी बात पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जैसे ही किशोरी ने पिता की करतूतों के वीडियो दिखाए, सब दंग रह गए। किशोरी ने बताया कि पिता पिछले एक साल से शराब के नशे में उसे अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश कर रहे थे। विरोध करने पर वह उसे और उसकी मां को बुरी तरह पीटते थे।

मां की दलील: ‘इज्जत बचाने के लिए कराई शादी’
किशोरी ने यह भी बताया कि पिता की हरकतों से परेशान होकर जब उसने मां से शिकायत की, तो मां ने मदद करने के बजाय उसकी मर्जी के बिना 20 साल बड़े युवक से उसकी शादी करा दी। मां का तर्क था कि बेटी घर से भाग चुकी थी, इसलिए ‘इज्जत बचाने’ के लिए उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस ने मां के साथ घर भेजा, क्या कार्रवाई होगी?
किशोरी ने पुलिस को साफ कहा कि वह वापस घर नहीं जाना चाहती क्योंकि उसे पिता से जान और इज्जत का खतरा है। इसके बावजूद, पुलिस ने उसे उसके पिता के पास छोड़ने के बजाय मां के सुपुर्द कर वापस शहडोल भेज दिया। सवाल यह है कि क्या शहडोल पुलिस उस ‘दरिंदा पिता’ पर अब कोई सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी या बेटी का खौफ यूं ही बरकरार रहेगा?




