भोपाल:
गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के तहत सोमवार दोपहर भेल गेट नंबर-8 के पास झाड़ियों में एक बोरे के अंदर युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, शव करीब 4 से 5 दिन पुराना लग रहा है और उसकी हालत काफी संदिग्ध है।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच की जा रही है।
शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की हत्या करके शव को यहां फेंका गया है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के रास्तों और भेल गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।




