कोलार थाना क्षेत्र के डीके-2 इलाके में ट्रैफिक एसीपी विजय दुबे के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 10 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय एसीपी मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी में तैनात थे और उनके परिजन उज्जैन गए हुए थे।
बदमाशों ने पहले मुख्य गेट और फिर अंदर के दरवाजों का लॉक तोड़ा। चोर घर में रखे करीब 6 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए। नकदी वह रकम बताई जा रही है जो एसीपी ने कुछ महीने पहले लिए गए पर्सनल लोन से बचाई थी।
पड़ोस के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध कार नजर आई है, जिसके आधार पर पुलिस और क्राइम ब्रांच आरोपियों की तलाश में जुट गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। गांधीनगर से लेकर कोलार और मिसरोद क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को देखते हुए पुलिस इलाके के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।




