भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय वैशाली ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से कटनी की रहने वाली वैशाली भोपाल के एक साड़ी शोरूम में काम करने के साथ इवेंट में एंकरिंग भी करती थी।
घटना से पहले मृतका ने अपने बॉयफ्रेंड अतुल को वॉट्सऐप पर आखिरी मैसेज भेजा। इसमें उसने लिखा, ‘सॉरी यार, मैंने तुम्हारे साथ बहुत गलत किया है… मैं तुम्हारे लिए हमेशा लॉयल रही, मेरा सारा पैसा भी रख लेना।’
पुलिस के मुताबिक, वैशाली के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी मां रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। वह परिवार की इकलौती बेटी थी। करीब 20 दिन पहले नौकरी छोड़ने के बाद वह कटनी गई थी और 2 सितंबर को ही भोपाल लौटी थी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवती डिप्रेशन और माइग्रेन की समस्या से परेशान थी। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और चैट व कॉल डिटेल के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




