भोपाल: थाना नजीराबाद पुलिस ने ग्राम रुनाहा के पास हुई सनसनीखेज हत्या के प्रयास की घटना का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
घटना का संक्षिप्त विवरण
फरियादी इंदर सिंह गुर्जर (निवासी बिजावनखुर्द) 8 सितंबर 2026 को मोटर साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे. रास्ते में बागसी रोड पर एक सफेद कार सवार चार अज्ञात आरोपियों ने उन्हें रोका और रास्ता पूछने के बहाने लोहे की रॉड से गंभीर मारपीट की, जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गए.
इस तरह हुआ खुलासा
ग्रामीण क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नजीराबाद सहवाज खान के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था.
- पुलिस टीमों ने तकनीकी मदद और साइबर शाखा की सहायता से 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
- आरोपियों की पहचान छिपाने के लिए सफेद रंग की टोयोटा कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी पोती गई थी.
- मुख्य आरोपियों द्वारा पुरानी रंजिश और प्लाट को लेकर चल रहे विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था.
गिरफ्तार आरोपी
- हाकम सिंह गुर्जर (निवासी जगमेरी)
- प्रदुमन गुर्जर (निवासी गूजरतोड़ी)
- दीपक लोधी (निवासी मानाकुण्ड)
- धनवीर उर्फ संजय विश्वकर्मा (निवासी गूजरतोड़ी)
- रामवीर लोधी (निवासी सेमरा)
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त सफेद टोयोटा कार, चार लोहे की रॉड और 21,000 रुपये नकद बरामद किए हैं. फरार अन्य आरोपियों (जितेन्द्र श्रीवास्तव और विशाल गुर्जर) की तलाश जारी है.






