भोपाल के पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर की कैंटीन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छापा मारा। इस दौरान कैंटीन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण में 10 दिन पहले एक्सपायर हो चुकी ब्रेड से सैंडविच बनाते हुए और सड़ी हुई प्याज रखी पाई गई।
कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों के लिए संचालित इस नवीन कैंटीन का संचालन ‘सेलिब्रेशन इवेंट एंड इंटरटेंमेंट केटरिंग’ के जरिए किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि कैंटीन में साफ-सफाई और हाइजीन का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा था। खाद्य सामग्रियों का भंडारण भी सुरक्षित तरीके से नहीं किया गया था। इसके अलावा परिसर की एक अन्य कैंटीन में भी स्वच्छता की कमी और कर्मचारियों द्वारा निर्धारित वेशभूषा का पालन न करने जैसी अनियमितताएं मिलीं।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कैंटीन में उपयोग हो रहे रिफाइंड सोयाबीन तेल और मटर के आटे के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों ने दोनों कैंटीन संचालकों को सुधार सूचना पत्र जारी कर कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




