भोपाल के अन्ना नगर में शुक्रवार रात हंसी-मजाक के शक में शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी सूरज को शक था कि विजय और उसकी पत्नी उसी का मजाक उड़ा रहे हैं। इसी बात पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दंपती पर डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।
युवक की दर्दनाक मौत
दंपती को बचाने पहुंचे 22 वर्षीय रितिक गौड़ के सिर पर भी आरोपियों ने पत्थर मार दिया। घटना के वक्त बाहरी तौर पर कोई गंभीर चोट या खून नहीं दिखा, जिससे रितिक सामान्य रूप से घर चला गया। हालांकि, करीब दो घंटे बाद रात 12 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई
डॉक्टरों के मुताबिक रितिक की मौत सिर में अंदरूनी चोट (इंटरनल ब्लीडिंग) लगने के कारण हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज, उसके भाई कबीर समेत कुल छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और बाकी फरार साथियों की तलाश की जा रही है।



