भोपाल
टीटी नगर थाना पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर शहर में घूम रहे एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ राजधानी के विभिन्न थानों में मारपीट, तोड़फोड़ और अवैध शराब बेचने जैसे 12 गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हिमांशु सेन उर्फ छोटा लिलि (21) निवासी पंचशील नगर को 16 फरवरी 2026 को भोपाल सहित आसपास के पांच जिलों (विदिशा, सीहोर, राजगढ़, रायसेन और नर्मदापुरम) की सीमाओं से 1 साल के लिए बाहर रहने का आदेश दिया गया था। वह इस आदेश का उल्लंघन कर चुपचाप भोपाल में रह रहा था।
मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह दोहर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। उस पर म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत नया मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी समेत पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।




