रतलाम: जिले में दोस्ती को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ सुराना गांव निवासी एक युवक को उसके ही बचपन के दोस्त ने रतलाम लाकर कमरे में बंद कर दिया और फिरौती की मांग की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सुराना गांव निवासी किसान प्रदीप जाट छह अक्टूबर को रतलाम में अपने चचेरे भाई सूरज से मिलने आ रहा था। इसी दौरान उसके बचपन के दोस्त इरशाद ने उसे फोन कर सालाबोडी चौकी क्षेत्र में बुलाया और बहाने से झाबुआ रोड स्थित एक कमरे में ले जाकर बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग की। आरोपियों ने पीड़ित के ही मोबाइल से उसके भाई को फोन करवाकर फिरौती की रकम लेकर बुलाया था।
परिजनों ने समझदारी दिखाते हुए इसकी सूचना तत्काल सालाखेड़ी पुलिस चौकी प्रभारी विजय बामनिया को दे दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी युवक को धमकाते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने चौकी पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने रातों-रात मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी इरशाद को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश जारी है।




