भोपाल। मुगालिया छाप-नीलबड़ स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय के बॉयज हॉस्टल में शनिवार रात बड़ा हादसा टल गया। भोजन वितरण के दौरान आलू की सब्जी में मरी हुई छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। इसे खाने के बाद 6वीं से 9वीं कक्षा तक के करीब 13 बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई। रात करीब 10:30 बजे सभी बच्चों को इलाज के लिए जेपी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।
अंधेरे में पकाया गया खाना
हॉस्टल में रात 8 बजे भोजन वितरण शुरू होता है। गर्ल्स हॉस्टल की मेस में तैयार खाना दोनों हॉस्टलों में भेजा जाता है।प्रिंसिपल रत्ना दुबे के अनुसार, आशंका है कि खाना बनाते समय मेस में बिजली गुल होने के कारण छिपकली सब्जी में गिर गई होगी। जैसे ही छिपकली दिखने की सूचना मिली, तत्काल भोजन वितरण रोक दिया गया। इसके बाद रात 11 बजे के बाद नया खाना बनवाकर बच्चों को परोसा गया।
मेस संचालक पर होगी कार्रवाई
घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रिंसिपल ने मेस संचालक को नोटिस जारी कर दिया है और जांच में दोषी पाए जाने पर अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) समाप्त करने की बात कही है। रातीबड़ थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि इस आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के कुल 1120 छात्र-छात्राएं रहते हैं।




