मंडला:
जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के दाता मैरिज गार्डन के पास सोमवार को चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया। चोर घर का ताला तोड़कर करीब 20 तोला सोना, 10-15 तोला चांदी और 50 हजार रुपए नकद समेट ले गए। चोरी गए कुल माल और नकदी की कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निजी काम से बाहर गए थे परिवार के लोग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मकान मालिक तौफीक खान का परिवार किसी निजी काम से घर से बाहर गया हुआ था। घर को सूना पाकर चोरों ने मौका पाकर ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। सोमवार की रात जब परिवार के लोग वापस लौटे, तो उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे जेवर व नकदी गायब थी। यह नजारा देख परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फिंगरप्रिंट टीम ने की छानबीन
बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही एसडीओपी और महाराजपुर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद से अहम साक्ष्य जुटाए। चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास के रास्तों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।



