इंदौर:
शहर के एमआईजी इलाके के कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार देर रात मामूली बात पर खूनी संघर्ष हो गया। रास्ता देने को लेकर हुए विवाद के बाद एक रिटायर्ड फौजी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें रक्षित नाम के एक युवक के पेट में गोली लग गई। घायल युवक को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी फौजी का हाथ में पिस्टल लेकर लोगों को धमकाते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की शुरुआत तब हुई जब आरोपी रिटायर्ड फौजी नीरज का बेटा केशव वहां से गुजर रहा था। रास्ते में कुछ महिलाएं और लड़कियां कुर्सियां लगाकर बैठी थीं और रास्ता देने की बात पर केशव का उनसे विवाद हो गया। इसके बाद केशव ने घर पहुंचकर अपने पिता को पूरी बात बताई। बेटे की बात सुनते ही गुस्साए नीरज अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद लोगों को गालियां दीं और दो से तीन राउंड फायर कर दिए, जिसमें एक गोली रक्षित को जा लगी।
वारदात की सूचना मिलते ही एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रिटायर्ड फौजी नीरज और उसके बेटे केशव को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है, और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी जांच की जा रही है।



