इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाले एक निजी कंपनी के कर्मचारी के साथ शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर 15 लाख 25 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पैसे वापस मांगने पर 20% एक्स्ट्रा चार्ज की मांग की और पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारकों व खाताधारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
महालक्ष्मी नगर निवासी रवींद्र साबले को 5 सितंबर को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज मिला था, जिसमें उन्हें शेयर बाजार में निवेश कर तगड़ा मुनाफा कमाने का सुझाव दिया गया। इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर एक फर्जी आईडी और पासवर्ड दे दिया गया, जिसके जरिए वे अपना ऑनलाइन निवेश देख सकते थे।
विश्वास में आकर रवींद्र ने आरोपियों के बताए अनुसार अलग-अलग बैंकों के खातों में रकम ट्रांसफर करना शुरू कर दिया, जिसमें शुरुआत में सेंट्रल बैंक के खाते में 85,000 रुपये जमा कराए गए। इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया के खाते में 10 लाख रुपये डाले गए, फिर बंधन बैंक में 2 लाख रुपये और सेंट्रल बैंक में तीन बार में 80,000 रुपये जमा हुए। इस तरह कुछ अन्य ट्रांजेक्शन के साथ कुल मिलाकर 15,25,000 रुपये जमा करवा लिए गए।
जब रवींद्र ने अपनी निवेश की गई रकम वापस निकालनी चाही, तो पैसे ट्रांसफर नहीं हुए और आरोपियों ने सिर्फ मूलधन लौटाने के नाम पर 20% एक्स्ट्रा चार्ज जमा करने की शर्त रख दी। जब पीड़ित ने चार्ज देने से इनकार किया, तो उन्होंने पैसे देने से साफ मना कर दिया।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर लसूड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उन मोबाइल नंबरों व बैंक खातों की तकनीकी जांच कर रही है जिनके जरिए ठगी की इस वारदात को अंजाम दिया गया।




